भाद्राजून । निकटवर्ती घाणा, रायथल, भवरानी ग्राम में रविवार शाम को विजयदशमी के उपलक्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शस्त्र पूजन करने के साथ ही पहली बार पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन गांवो के आममार्गो से निकला जहाँ स्थानीय लोगो द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
वही घाणा में पथ संचलन बालिका विद्यालय से प्रारंभ होकर ग्राम के मुख्य मार्गों से होते हुए श्रीगोपाल गौशाला तक सम्पन्न हुआ। पथ संचलन में विभिन्न स्थानों पर सैकड़ो की संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। जहाँ घोष वादन के साथ स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाते हुए चल रहे थे। संत सानिध्य में महंत बनवारीदास का आशीर्वाद मिला एवं मुख्य वक्ताओं ने उद्बोधन में बताया कि विजयदशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है।
जिसमे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक शस्त्र पूजन करते हैं और पथ संचलन निकालकर हिन्दू समाज को एकात्मता के सूत्र मे बांधकर उत्साह एवं निडरता का भाव भरने का कार्य करते हैं। स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से हिन्दू एकता एवं अखंडता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने बताया कि संघ समाज के हित में पंच परिवर्तन कार्यक्रम पर सामाजिक परिवर्तन के लिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण जागरूकता, स्व पर जोर तथा नागरिकों के कर्तव्य पर समाज को साथ लेकर काम करेगा।
