जैसलमेर। सीमावर्ती जिले जैसलमेर में गणगौर महोत्सव की धूम मची हुई है। सुहागिन महिलाएं और युवतियां सोलह श्रृंगार कर गवर-ईसर की पूजा-अर्चना में लीन हैं। धुलंडी से शुरू हुआ यह पर्व तीज तक चलेगा, जिसमें महिलाएं अखंड सौभाग्य और परिवार की समृद्धि की कामना कर रही हैं।
बच्चों ने इस अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा में गणगौर और इशर की शादी का स्वांग रचाया। मामेरा भरने और हल्दी की रस्म भी निभाई गई।
गणगौर पूजा के लिए सुबह से ही महिलाएं पुष्प और पूजन सामग्री लेकर गवर-ईसर की आराधना कर रही हैं। शहर की गलियों में भक्तिमय वातावरण है, और हर शाम घुड़ला घूमाने की परंपरा निभाई जा रही है। महिलाएं पारंपरिक गीत गाकर घर-घर पूजन सामग्री व नेग प्राप्त कर रही हैं। इस उल्लासपूर्ण माहौल में पूरे शहर में गणगौर के गीत गूंज रहे हैं।
