भाद्राजून । कस्बे के निकटवर्ती राजकीय विद्यालय घाणा व बांकली में पुलिस थाना भाद्राजून से एएसआई जेठाराम सहित पुलिस के जवानों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी। कार्यक्रम के दौरान एएसआई जेठाराम ने बताया कि साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के निर्देश पर दो महत्वपूर्ण अभियान शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘साइबर शील्ड’ अभियान (2-31 जनवरी 2025) के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ई-ट्रेडिंग, साइबर स्लेवरी, फर्जी लोन ऐप्स, और ऑनलाइन गेमिंग के खतरों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2025’ (1-31 जनवरी) के अंतर्गत यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए, यातायात नियमों की पालना करने की बात कही। साथ ही कहा कि नियमों की पालना से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के साथ हमे नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। बांकली प्रधानाचार्य जोराराम व घाणा प्रधानाचार्य सोहनलाल सहित उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई व्यावहारिक जानकारी से छात्रों और आम जनता को इन समसामयिक खतरों से बचने में मदद मिलेगी।
