◆ग्रामीणों ने वांक वितरिका में तैरते देखा शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
◆ एक दूसरे को बंधे हुए है शव
सांचौर । छजारा गांव की नर्मदा नहर की वांक वितरिका में एक युवक और युवती का शव मिला है। सोमवार सवेरे ग्रामीणों ने नहर में तैरते शवों को देखकर पुलिस को सूचना दी। एएसआई हुसैन खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला।और दोनों शवों को सांचौर के राजकीय अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार शवों की हालत से अनुमान है कि ये करीब 4-5 दिन पुराने हैं और दोनों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।
पानी में काफी समय तक पड़े रहने से शवों की पहचान में कठिनाई आ रही है। महिला के सिर के बाल भी पूरी तरह से झड़ चुके हैं। पुलिस ने शवों की पहचान के लिए आसपास के थानों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य गुजरात के थानों को भी सूचित किया है।
एएसआई हुसैन खान ने बताया कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह हादसा था या फिर कोई अन्य मामला है। शवों की शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
